महुली थाना क्षेत्र के झिंगुरापार गांव निवासी मृतक अजीजूर्रहमान के रोते बिलखते परिजन
- फोटो : amarujala
धनघटा (संतकबीरनगर)। रामजानकी मार्ग पर पारा चौराहे के निकट गुरूवार को अनियंत्रित होकर टेंपों पलट जाने से जहां एक दर्जी की मौत हो गई, वहीं उसके परिवार के पांच लोग मामूली रूप से घायल हो गए। घटना से गांव के लोग गमगीन हो गए। महुली क्षेत्र के झिंगुरापार गांव निवासी 40 वर्षीय अजीजुर्रहमान उर्फ पप्पू पुत्र मुहम्मद हनीफ मुंबई में रहकर दर्जी का काम करते थे। करीब दो साल से वह गांव पर ही रह रहे थे। गुरूवार को धनघटा क्षेत्र के हडिया गांव में अपने बहनोई रमजान के घर अपनी भांजी की छेकाई के रश्म में शामिल होने के लिए परिवार के अन्य सदस्यों के साथ टेंपों रिजर्व कर जा रहे थे। रामजानकी मार्ग पर पारा चौराहे के पास टेंपों अनियंत्रित होकर पलट गया। जिससे उसमें सवार अजीजुर्रहमान उर्फ पप्पू गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि साथ में जा रहे बहनोई रमजान, भुट्टू, और तीन महिलाएं मामूली रूप से घायल हो गई। टेंपों में सवार चार बच्चों को खरोच तक नहीं आई। तत्काल परिजन अजीजुर्रहमान उर्फ पप्पू को लेकर सीएचसी मलौली गए। बहनोई रमजान ने बताया कि मलौली में जांच के बाद डॉक्टर ने एक्स-रे कराने के लिए धनघटा भेज दिया। धनघटा एक्स-रे कराने के बाद वह सीएचसी मलौली गए। जहां देखते ही डॉक्टर ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। खलीलाबाद जाते दौरान रास्ते में पप्पू की मौत हो गई। परिजन उसे सीएचसी नाथनगर ले गए,जहां देखते ही डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। परिजन शव को लेकर घर चले गए। देर शाम शव को दफन कर दिया गया।