थाने में कोतवाल शैल कुमार को घटना की जानकारी देती छात्रा।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
नगर के अंबेडकर चौराहे के पास एक स्कूल में पढ़ने जा रही कक्षा चार की छात्रा को रास्ते में हमीरपुर रोड स्थित पूर्व विधायक के आवास के सामने तीन लोगों ने सफेद मारुति में अगवा कर लिया। लेकिन छात्रा ने बहादुरी के साथ चालाकी दिखाती हुई वहां से भाग निकली। पिता के साथ कोतवाली पहुंची छात्रा ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गायत्री नगर मोहाल निवासी पप्पू खान रिक्शा चलाकर परिवार का भरण पोषण करता है। उसकी एक पुत्री शफा आफरीन कक्षा चार व छोटा पुत्र शाहिल कक्षा तीन में अलग-अलग स्कूलों में पढ़तेे हैं। छात्रा आफरीन ने बताया कि गुरुवार की सुबह करीब 9:30 वह अपने घर से अंबेडकर चौराहे स्थित ज्ञानदीप स्कूल पढ़ने जा रही थी। तभी पूर्व विधायक के आवास के सामने सड़क पर सफेद रंग की मारुति वैन खड़ी थी।
बताया कि वहां खडे़ दो लोगों ने उसके मुंह में कपड़ा लगाकर मारुति वैन में डाल लिया और मुस्करा की ओर ले जाने लगे। अंबे पैलेस के पास वैन सवार लोग कार से नीचे उतरकर कुछ बातचीत करने लगे। तभी वह दबे पांव वैन से निकलकर सड़क किनारे झाड़ियों में छिप गई।
घर आकर पूरी बात पिता को बताई। कोतवाली में छात्रा ने बताया कि सामने आने पर वह दो लोगों को पहचान लेगी।चालक का चेहरा नहीं देखा है। पुलिस क्षेत्राधिकारी श्रीराम ने छात्रा की बहादुरी पर उसे पांच सौ रुपये पुरस्कार स्वरूप देकर हौसला बढ़ाया।