धनघटा (संतकबीरनगर)। महुली कस्बे में मंगलवार की शाम एक ज्वैलर्स की दुकान पर क्षेत्र के दो महिलाओं ने नकली जेवर देने का आरोप लगाते हुए घंटों हंगामा किया। महिलाओं का आरोप है कि दुकानदार ने जिस जेवर को सोने का बता कर दिया था वह जांच के दौरान पीतल का निकला। दोनों महिलाएं और उनके परिजन उक्त जेवर को वापस करने की जिद पर अडे़ थे। जबकि दुकानदार वापसी के लिए समय दिए जाने की मांग कर रहा था।
महुली थाना क्षेत्र के ग्राम सिंदाही निवासी शीला पत्नी भूमिनाथ और गिरजा पत्नी सिरपत नाम की दो महिलाएं मंगलवार को महुली कस्बे में स्थित एक ज्वैलर्स की दुकान पर पहुंची। गिरजा देवी का आरोप है कि उसने बेटे की शादी के लिए 20 हजार रुपये का जेवर उक्त दुकानदार से खरीदा था। शादी में जब वह जेवर लड़की के लिए भेजा गया। तो लड़की के परिजनों ने शक होने पर जेवरों के हकीकत की जांच कराया। जांच में सोने के बताए गए जेवर पीतल के निकले। दूसरी महिला शीला का आरोप है कि सोने के पुराने जेवरों को बदल कर उसने उक्त दुकान पर नया जेवर खरीदा। दुकानदार ने उसे भी नकली जेवर दे दिया। दोनों महिलाओं और उनके परिजनों ने इस ठगी के खिलाफ जमकर हंगामा किया। दुकानदार जेवर और नकदी की वापसी के लिए महिलाओं और उनके परिजनों से समय दिए जाने की मांग कर रहा था, लेकिन पीड़ित अपने सामान और पैसों को तुरंत दिए जाने की बात पर अड़े थे। इस दौरान घंटों तक कस्बे के लोगों की भारी भीड़ जमा रही। लोग दुकानदार की इस ठगी की निंदा कर रहे थे। इस संबंध में पूछे जाने पर इंस्पेक्टर महुली अनिल सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। इसका पता कराया जाएगा। नकली जेवर बेचने वाले कारोबारी के दुकान की जांच कराई जाएगी। यदि मामला सही निकला तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी।