बखिरा। क्षेत्र के सई बुजुर्ग निवासी एक व्यक्ति खेत में पाइप लगाकर पानी चला रहा था। इस दौरान एक व्यक्ति की बाइक पाइप पर चढ़ गई। इससे नाराज होकर लोगों ने सवार को जातिसूचक अपशब्द कहते हुए मारापीटा। पुलिस ने पीड़ित बाइक सवार की शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ मारपीट, जान से मारने व एससी-एसटी में मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़ित बाइक सवार अभिषेक निवासी बड़हरा ने बताया कि वह दो जुलाई को घर जा रहे थे। सईं बुजुर्ग निवासी सेराज रात में साढ़े नौ बजे खेत में पाइप से पानी लगा रहे थे। इस दौरान अभिषेक की बाइक का पहिया पाइप पर चढ़ गया। इसी से नाराज होकर सेराज व अन्य कुछ लोग उसे अपशब्द कहने लगे। मना करने पर जातिसूचक अपशब्द कहते हुए उसे मारापीटा व जान से मारने की धमकी भी दी।
इसी बीच उसका चचेरा भाई सुनील आकर बीच बचाव करने लगा। विरोधियों ने उसे भी पीटा। उसके सिर में काफी चोट आई है। विरोधियों ने धमकाया कि थाने में सूचना देने पर जान से मार देंगे। भयवश उन दोनों ने पुलिस को सूचना न देकर इलाज कराने लगे। किसी तरह से हिम्मत जुटाकर उसने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए थाने में सूचना दी।
एसओ श्याम मोहन ने बताया कि सईं बुजुर्ग निवासी आरोपी सेराज अहमद, बिस्मिल्लाह, नसीम अंसारी व इरफान के खिलाफ मारपीट, जान से मारने व एससीएसटी का केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच चल रही है।