संतकबीरनगर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के मद्देनजर जिले में ईवीएम और वीवीपैट के प्रति आमजन को जागरूक किया जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर कलेक्ट्रेट परिसर और तहसील मुख्यालयों पर प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए गए हैं। यहां लोगों को मतदान प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया जा रहा है।
डीएम अनुज मलिक ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अलावा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के संबंधित तहसील मुख्यालय पर ईवीएम-वीवीपैट प्रदर्शन केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर नागरिकों को ईवीएम के माध्यम से मतदान करने, वीवीपैट में मत की पर्ची देखने और पूरी मतदान प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि यह जागरूकता कार्यक्रम विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की अधिसूचना जारी होने तक संचालित किया जाएगा। इसका उद्देश्य मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया से परिचित कराना और ईवीएम के इस्तेमाल के प्रति जागरूक करना है।