46 अभ्यर्थियों ने सहायक अध्यापक के लिए कराई काउंसिलिंग
- जल्द इन अभ्यर्थियों को वितरित किया जाएगा नियुक्ति पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। 69 हजार शिक्षक भर्ती के तहत सोमवार को बीएसए कार्यालय पर सहायक अध्यापक पद के लिए काउंसिलिंग हुई। जिसमें कुल 46 अभ्यर्थी शामिल हुए। इन अभ्यर्थियों को जल्द ही नियुक्ति पत्र वितरित किया जाएगा।
बीएसए सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि 69 हजार शिक्षक भर्ती के तहत जिले में कुल 69 सहायक अध्यापकों के चयन की सूची आई थी। जिन्हें 28 और 29 जून को काउंसिलिंग के लिए बुलाया गया है। सोमवार को कुल 46 अभ्यर्थी काउंसिलिंग के लिए आए। इन अभ्यर्थियों के समस्त शैक्षिक प्रमाण पत्रों की जांच की गई है। इसमें 18 महिला अभ्यर्थी और 28 पुरूष अभ्यर्थी शामिल थे। इन अभ्यर्थियों को जल्द ही सहायक अध्यापक पद के लिए नियुक्ति पत्र वितरित कर दिया जाएगा और उसके बाद विद्यालयों पर तैनाती दे दी जाएगी। काउंसिलिंग के लिए बीएसए कार्यालय पर अभ्यर्थी और उनके परिजन पहुंचे थे। इस दौरान डीसी बजरंगी लाल विश्वकर्मा, स्टेनो विजय कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।