सेमरियावां विकास खंड के ग्राम पंचायत बड़ेला में शनिवार को कोटे की दुकान के चयन को लेकर एडीओ पंचायत और ग्राम प्रधान की देखरेख में ग्राम सभा की खुली बैठक हुई। बैठक के दौरान ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिए। इससे कोटे का चयन नहीं हो सका। ग्रामीणों की मांग थी कि कोटे का चयन मतदान कराकर किया जाए। अगर मतदान नहीं कराया गया तो कोटे का चयन नहीं होने दिया जाएगा।
खंड विकास अधिकारी सेमरियावां के निर्देश पर एडीओ पंचायत मैनुद्दीन सिद्दीकी ने ग्राम पंचायत बड़ेला में कोटेदार के चयन को लेकर खुली बैठक बुलाई थी। जिसमे प्रधान रामसागर चौधरी भी मौजूद थे। कोटे के चयन को लेकर एडीओ ने जब ग्रामीणों से हाथ उठाने को कहा तो कुछ लोगों ने हाथ उठाया और कुछ लोगों ने नहीं उठाया। इसके बाद एडीओ ने हाथ न उठाने का कारण पूछा। तो ग्रामीण योगेंद्र, अजय, भोला, रियाज, मनीराम, अनिल, रामभवन, धनुषधारी, जगराम, रामदयाल, लल्ला प्रसाद, विजय आदि ने कहा कि कोटे का चयन हाथ उठाकर नहीं होना चाहिए। इसके लिए मतदान कराया जाए। तो एडीओ पंचायत ने मना कर दिया।
जिसके बाद देेखते-देखते ही वहा पर हंगामा शुरू हो गया। ग्रामीणों का कहना था कि अगर मतदान के माध्यम से कोटे का चयन नहीं कराया गया तो वे लोग बैठक का बहिष्कार करेंगे। हंगामे की सूचना किसी ने कांटे पुलिस चौकी को दे दी। मौके पर कांटे पुलिस चौकी के सिपाही पहुंच गए और मामले को शांत कराया। एडीओ पंचायत ने कहा कि हंगामे की वजह से कोटा चयन की बैठक को स्थगित कर दिया गया है। अगली बैठक की तिथि जल्द ही घोषित की जाएगी। इस अवसर पर राधिका देवी, नियामुल हक, अमर पाल, सुनील, दीनानाथ, राम प्रसाद, रामकरन समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।