सेमरियावां। मतदाता सूची को अधिक से अधिक शुद्ध और समावेशी बनाने के लिए शनिवार और रविवार को विशेष अभियान चलाया गया है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 28 और 29 नवंबर को खलीलाबाद तहसील क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ मौजूद रहेंगे।
इस दौरान मतदाता सूची में नाम शामिल कराने से वंचित पात्र नागरिकों और नए मतदाताओं को नाम जुड़वाने का अवसर मिलेगा।अभियान के तहत सभी बूथों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे। जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो सका है, वे अपने संबंधित बूथ पर पहुंचकर फॉर्म-6 भर सकते हैं।
विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही ऐसे पात्र नागरिक भी अपना नाम जुड़वा सकते हैं, जिनका नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत शनिवार और रविवार को सभी बूथों पर विशेष अभियान आयोजित होगा। इस दौरान बीएलओ अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों के आवेदन प्राप्त करेंगे।
तहसील प्रशासन ने सेमरियावां व्यापार मंडल और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें। खासकर युवाओं और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों को चिह्नित कर उन्हें संबंधित बूथ तक पहुंचने के लिए प्रेरित करें।
लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना जरूरी है। ऐसे में लोग अभियान का लाभ उठाते हुए अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराएं। आज और कल अपने बूथ पर पहुंचकर पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इसके साथ प्रयास करें मतदाता बनने से आपके आसपास कोई भी युवक छूट न जाए, उसे भी सूची में नाम दर्ज करवाने के लिए प्रेरित किया जाए।