वाहन चालकों का कोरोना का सैंपल लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कोरोना का प्रभाव जांचने के लिए जिले में सैंपलिंग अभियान चलाया गया है। रविवार को विभिन्न क्षेत्रों में वाहन चालकों के नमूने लिए गए। जांच में कोई भी पॉजिटिव नहीं मिला।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरगोविन्द सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश पर 15 दिवसीय फोकस सैंपलिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान की शुरुआत ऑटों और टैक्सी स्टैंड से की गई। इसके लिए खलीलाबाद, सांथा, मेंहदावल, धनघटा, सेमरियांवा, नाथनगर, मगहर, चुरेब, पौली, धर्मसिंहवा के साथ ही अन्य स्थानों पर जांच टीम को लगाया गया। टीम ने 650 से अधिक सैंपल एकत्र किए, लेकिन कोई भी टैक्सी चालक पॉजिटिव नहीं मिला।
विधायकों की हुई कोरोना सैंपलिंग
विधानसभा सत्र में प्रतिभाग करने के लिए लखनऊ जा रहे मेंहदावल विधायक राकेश सिंह बघेल, खलीलाबाद विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे, धनघटा विधायक व राज्यमंत्री श्रीराम चौहान की भी कोरोना सैंपलिंग की गई। कोई भी पॉजिटिव नहीं पाया गया। एपीडेमियोलाजिस्टव सैंपलिंग के प्रभारी डॉ. मुबारक अली ने बताया कि जनपद में फोकस सैंपलिंग का अभियान 24 फरवरी तक चलेगा।