-पुलिस लाइंस में भी हुआ सामूहिक योगाभ्यास
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। रिजर्व पुलिस लाइंस के परेड ग्राउंड में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एसपी संदीप कुमार मीना ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन के लिए योग अपनाने का संदेश दिया।
योग प्रशिक्षक के निर्देशन में पुलिसकर्मियों ने सूक्ष्म व्यायाम, अनुलोम-विलोम, कपालभाति, पद्मासन, वज्रासन, सिद्धासन, मत्स्यासन, वक्रासन, पवनमुक्तासन, नौकासन, शवासन, ताड़ासन, शीर्षासन तथा सूर्य नमस्कार का अभ्यास किया। इस दौरान योग के नियमित और सुरक्षित अभ्यास से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी भी दी गई।
एसपी ने कहा कि योग न केवल विभिन्न बीमारियों से बचाव और उपचार में सहायक है, बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर व्यक्ति को स्वस्थ एवं ऊर्जावान बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया।
इसके साथ ही जनपद के सभी थानों पर भी योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में एएसपी सुशील कुमार सिंह, सीओ मेंहदावल सर्वदवन सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।