हैंसर बाजार ब्लाॅक के मुंडेरा शुक्ल गांव का मामला
- जिलाधिकारी को देंगे जांच रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। हैंसर बाजार ब्लाॅक के मुंडेरा शुक्ल गांव में अंडरग्राउंड नाली निर्माण को लेकर उपजे विवाद का समाधान करने के लिए रविवार को सीडीओ और तहसीलदार मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किए। इस दौरान दोनों पक्षों से बातचीत करके समस्या का समाधान करने का प्रयास किया। अधिकारियों का कहना है कि वार्ता सार्थक हुई है। जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप दी जाएगी।
मुंडेरा शुक्ल गांव में आरो प्लांट से गड़ही तक अंडरग्राउंड 270 मीटर नाली का निर्माण किया जा रहा है। ग्राम प्रधान श्रवण कुमार यादव का कहना है कि 170 मीटर नाली निर्माण का कार्य पूर्ण हो चुका है। 100 मीटर कार्य शेष रह गया तो विपक्षी ने नाली निर्माण को रोक दिया। नाली निर्माण में आई रुकावट को दूर करने के लिए जिलाधिकारी को प्रार्थनापत्र दिया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर रविवार को सीडीओ संत कुमार और तहसीलदार योगेंद्र पांडेय मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उसके बाद अधिकारियों ने दोनों पक्षों से वार्ता करके मौके का हाल जाना। तहसीलदार योगेंद्र पांडेय ने बताया कि निरीक्षण करके वस्तु स्थिति से अवगत हुए है। जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी जाएगी।