महुली क्षेत्र के ग्राम परशुरामपुर के पास की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। महुली क्षेत्र के ग्राम परशुरामपुर के पास मुंह पर गमछा बांधे बाइकसवार तीन युवकों ने दूसरे बाइक सवार बुजुर्ग पिता और उसके बेटे पर हमला कर दिया। दोनों की पिटाई करके घायल कर दिया। इस मामले में पीड़ित ने थाने पर तहरीर देकर केस दर्ज करने की मांग की है।
तहरीर में जसुई देवघटा निवासी महेश गुप्ता पुत्र भगवानदास ने बताया कि वह नाथनगर कस्बे में फल और सब्जी बेचने का कारोबार करता है। शुक्रवार की रात करीब साढ़े आठ बजे दुकान बंद करके वह बुजुर्ग पिता भगवानदास को बाइक पर बैठाकर घर जा रहा था। इसी दौरान जैसे ही परशुरामपुर गांव निकट पहुंचा। दूसरी बाइक से मुंह पर गमछा बांधे तीन युवक पहुंचे और उन्हें रोक लिया। पीड़ित महेश और पिता भगवानदास पर हमला करके गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन में जुट गई है।