संतकबीरनगर। बिजली कटौती की समस्या ने उमस भरी गर्मी से जूझ रहे उपभोक्ताओं की परेशानी को और बढ़ा दिया है। शनिवार को शहर के कई हिस्सों में बिजली कटौती से लोग परेशान रहे।
शहर के गोला बाजार में दो घंटे से अधिक बिजली आपूर्ति बाधित रही तो बार-बार ट्रिपिंग की समस्या भी बनी हुई है। अनियमित आपूर्ति से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। शहर में बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए विद्युत निगम के तमाम प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं। जर्जर तार व पोल बदलने, ट्रांसफार्मरों की क्षमता में वृद्धि करने के बाद भी उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल रही है।
उमस भरी गर्मी के बीच गोला बाजार में बिजली आपूर्ति ठप हो रही है। दिन में करीब 11 से एक बजे तक बिजली नहीं आई। बिजली ट्रिपिंग की समस्या से नियमित आपूर्ति नहीं हो पा रही है। गोला बाजार निवासी संजय गुप्ता, शिव कुमार व अन्य ने बताया कि ट्रिपिंग के कारण परेशानी झेलनी पड़ रही है।