संवाद न्यूज एजेंसी
सांथा। क्षेत्र के लोग एक माह से बिजली कटौती से परेशान हैं। उपभोक्ताओं को रोस्टर के अनुसार बिजली नहीं मिल रही है। यदि बिजली रहती भी है तो लो वोल्टेज की समस्या से लोगों को जूझना पड़ता है। इससे उपभोक्ताओं में आक्रोश है।
विद्युत उपकेंद्र मेंहदावल से सांथा फीडर की आपूर्ति होती है। क्षेत्र के गनवरिया, लोहरसन, सांथा, करनजोत, बेलवा मिश्र, रमवापुरमिश्र आदि सैकड़ों गांवों में बिजली आपूर्ति की जाती है। क्षेत्र का कोई ऐसा गांव नहीं है, जो इस संकट से न जूझ रहा हो। क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में लगातार कटौती किए जाने से उपभोक्ताओं को रतजगा करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि सांथा फीडर के गांवों में हर दिन 12 से 14 घंटे की बिजली कटौती की जा रही है।
लो-वोल्टेज की समस्या से सिर्फ घरेलू उपभोक्ता ही नहीं जूझ रहे हैं, वरन विभिन्न प्रतिष्ठानों पर भी गतिरोध उत्पन्न हो रहा है। प्रधान संघ अध्यक्ष रणबीर पांडेय, मोनू चौबे, मुकेश कुमार यादव, देवेंद्र यादव, दिलीप कन्नौजिया, मंसूर अहमद आदि ग्रामीणों का कहना है कि केवल दिन में ही बिजली आपूर्ति हो रही है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली देने का शासन का निर्देश है। सुबह से शाम और रात में कई बार बिजली बाधित होने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
0000000000000000000000
बारिश व तेज हवा के चलते कुछ समस्या उत्पन्न हो रही है। तत्काल उसका निराकरण करने के लिए कर्मचारियों को लगाया गया है। यदि कहीं कोई समस्या है तो जल्द ही इसका निस्तारण करा दिया जाएगा।
-गणेश मिश्रा, अवर अभियंता, विद्युत