मेंहदावल। कस्बे में विद्युत व्यवस्था लड़खड़ा गई है। लोगों को निर्बाध बिजली नहीं रही है। हर घंटे बिजली के आने-जाने का क्रम लगा है। गर्मी और उमस भरे मौसम में बिजली की आंख-मिचौली से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। नगरवासियों के अनुसार एक सप्ताह से स्थिति ज्यादा खराब है। एक दिन में औसतन दस बार बिजली कट रही है। कभी पांच मिनट तो कभी आधे घंटे के लिए आपूर्ति बाधित हो रही है। बिजली न रहने से पेयजल आपूर्ति पर भी असर पड़ रहा है। मोटर न चलने से घरों की टंकियों में पानी की समस्या हो जाती है। इन्वर्टर भी बार-बार चार्ज न होने से जवाब दे रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि शाम को पीकआवर में बिजली कटने से बिक्री प्रभावित हो रही है। छात्रों की पढ़ाई सबसे ज्यादा प्रभावित हो रही है। इस संबंध में मेंहदावल विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता अशोक पटेल ने बताया कि गर्मी के चलते लोड बढ़ गया है। ओवरलोड और लोकल फाल्ट के कारण ट्रिपिंग हो रही है। शेड्यूल के मुताबिक बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराई जा रही है। जल्द ही व्यवस्था सामान्य हो जाएगी। संवाद