रसोई गैस उपभोक्ताओं का हाल, एजेंसी पर जाने के बाद भी समस्या का नहीं हो रहा निदान
आपूर्ति विभाग ने कहा- शिकायत पर उपभोक्ताओं की समस्याओं का होगा निस्तारण
संतकबीरनगर/ मेंहदावल। रसोई गैस की किल्लत के बीच उपभोक्ताओं का मोबाइल नंबर भी बदलने का मामला सामने आ रहा है। इसे लेकर उपभोक्ता परेशान हैं। एजेंसी पर जाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
मेंहदावल कस्बे की गैस एजेंसी पर यह दिक्कत देखने को मिल रही है। चार उपभोक्ताओं ने अपना मोबाइल नंबर बदलने की शिकायत की है। उनका कहना है कि बिना जानकारी दिए ही नंबर बदल दिए गए। इसे लेकर कुछ और लोग भी परेशान हैं। इसे लेकर एजेंसी कर्मी भी परेशान हैं। लोग एजेंसी से संपर्क कर रहे हैं तो पता चल रहा है कि यह नंबर कैसे बदले गए, उन्हें भी नहीं पता।
वहीं बुकिंग के लिए सही नंबर का पंजीकरण करने के लिए गलत नंबर को 90 दिन बाद ही हटाया जा सकता है। ऐसी समस्या से उपभोक्ता परेशान हैं। अब लोगों को बुकिंग में परेशानी हो रही है। दूसरी ओर बुकिंग के बाद सिलिंडर नहीं मिलने की भी शिकायत है।
इंसेट
शिवांशु गैस सर्विस का उपभोक्ता हूं। अभी तक अपने मोबाइल नंबर से ऑनलाइन गैस की बुकिंग करता था। 24 घंटे में डिलीवरी मिलती थी, लेकिन जिस मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन करता था इस नंबर को गलत बताया जा रहा है। गैस एजेंसी पर संपर्क किया तो पता चला कि 15 दिन पहले मोबाइल नंबर बदल गया है।
-वेद पांडेय, मेंहदावल
एक तरफ गैस सिलिंडर की किल्लत परेशानी खड़ा कर रहा है। दूसरी तरफ बुकिंग में भी कठिनाई हो रही है। वहीं बिना मेरी जानकारी के मेरे मोबाइल नंबर को हटा दिया गया है, जिसके कारण बुकिंग नहीं हो पा रही है। परेशान होकर गैस एजेंसी पर संपर्क किया को पता चला कि आपका मोबाइल नंबर बदल गया है।
-हेमंत पाठक, मेंहदावल
मेरा भी मोबाइल नंबर बदल गया है। एजेंसी कर्मी भी कुछ नहीं बता पा रहे हैं। अब बुकिंग में परेशानी हो रही है। जब यह बताया गया मेरे द्वारा कि कोई मोबाइल नंबर हमने चेंज नहीं कराया गया है। तब भी सही जानकारी नहीं मिल पा रही है।
-आशीष सिंह, मेंहदावल
गैस सिलिंडर की डिलीवरी मेंहदावल के गैस उपभोक्ताओं के लिए दिन प्रतिदिन परेशानी का सबब बनता जा रहा है। समय से बुकिंग नहीं हो पा रही है, वहीं मोबाइल नंबर भी बदल गया है। अब 90 दिन बाद ही सही मोबाइल नंबर की फीडिंग करा सकते हैं, ऐसे में गैस बुकिंग में परेशानी उठानी पड़ रही है।
-आकाश कुमार, मेंहदावल
-
कोट,
मोबाइल नंबर बदलने का मामला गंभीर है। उपभोक्ता इसकी शिकायत करें, उनकी समस्या का निदान कराया जाएगा, जिससे कि उन्हें बुकिंग और गैस सिलिंडर मिलने में दिक्कत न हो।
-राजीव कुमार, जिला आपूर्ति अधिकारी
-
ओटीपी न आने से नहीं मिल रहा सिलिंडर
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। ओटीपी जल्दी नहीं आने से उपभोक्ताओं को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। उपभोक्ता दीनदयाल का कहना है कि ओटीपी के लिए पांच दिन पहले ऑनलाइन आवेदन किया, लेकिन अभी तक ओटीपी नहीं आया। इसके कारण गैस भी नहीं मिल पा रही है। रामसूरत का कहना है कि गैस सिलिंडर मिलना आसान है, लेकिन ओटीपी का आना कठिन हो गया है। तीन दिन बाद भी ओटीपी नहीं मिली, जिसके कारण गैस भी नहीं मिली। राजाराम ने बताया कि ओटीपी न मिलने के कारण घरेलू गैस मिलना कठिन हो गया है। ओटीपी आ तो रही है, लेकिन कब तक आएगी इसका कोई पता ठिकाना नहीं है।
खपत के सापेक्ष तिहाई आपूर्ति बना जी का जंजाल
आपूर्ति कम होने से रसोई गैस उपभोक्ता परेशान
संवाद न्यूज़ एजेंसी
धर्मसिंहवा। क्षेत्र के एकमात्र गैस एजेंसी पर खपत के अनुपात में तिहाई आपूर्ति से उपभोक्ताओं के लिए परेशानी हो रही है। गैस वितरण के दौरान इकट्ठा भीड़ से कर्मियों को नोकझोंक का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को 168 गैस सिलिंडर आया, जबकि एजेंसी पर उपभोक्ताओं की भीड़ लगभग 400 से ऊपर की हो गई थी लगभग ढाई सौ उपभोक्ता सिलिंडर न पाने के कारण मायूस होकर वापस गए। बताया जा रहा है कि अब मंगलवार को गैस सिलिंडर आएगा।
धर्मसिंहवा क्षेत्र के एकमात्र गैस एजेंसी रूद्र भारत गैस मेंहदूपार में गैस सिलिंडर न होने के कारण रविवार को एजेंसी बंद रही। अब यहां सिलिंडर मंगलवार को आने के बाद वितरित किया जाएगा। इस गैस एजेंसी पर खपत के सापेक्ष आपूर्ति लगभग तिहाई हो रही है उपभोक्ता और गैस एजेंसी के कर्मचारियों के बीच नोकझोंक की स्थिति हो जा रही है। एजेंसी के कर्मचारी जितेंद्र ने बताया कि लगभग 2700 लोगों की बुकिंग पेंडिंग पड़ी है और शनिवार को लगभग ढाई सौ उपभोक्ता गैस न पाने के कारण मायूस होकर लौट गए।