बखिरा। नगर पंचायत बखिरा के अमरडोभा में स्मार्ट मीटर लगाने गई बिजली निगम की टीम को उपभोक्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने स्मार्ट मीटर से अधिक बिल आने की आशंका जताई। इसे लेकर लोग स्मार्ट मीटर लगाने आई टीम का विरोध करने लगे। काफी समझाने पर उपभोक्ता एक माह तक पुराने व नए मीटर से रीडिंग की समीक्षा करने की बात पर सहमत हुए।
स्मार्ट मीटर लगाने के लिए विद्युत निगम और स्मार्ट मीटर लगाने वाली कंपनी के कर्मचारियों के साथ विजिलेंस टीम के प्रभारी विक्रांत सिंह, एसडीओ हरीश मिश्रा और जेई राजेश गुप्ता के साथ अमरडोभा पहुंचे। इसी बीच बिजली उपभोक्ता स्मार्ट मीटर लगाने के लिए टीम के आने की जानकारी मिलने पर सैकड़ों की संख्या में मौके पर पहुंच गए।
बिजली उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर लगने पर अधिक बिल आने की बात कहते हुए स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध शुरू कर दिया। उपभोक्ता काफी हंगामा करने लगे। इस बीच चेयरमैन आमिर अंसारी व एसओ राकेश कुमार सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर आ गए व हंगामा कर रहे लोगों को समझा बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया। घंटों की मशक्कत के बाद आखिरकार उपभोक्ताओं की मांग पर पुराने व नए मीटर को एक महीने तक घरों में लगे रहने व दोनों मीटरों की तुलनात्मक रीडिंग करने के बाद ही उपभोक्ता मीटर लगाने पर सहमत हुए।