धनघटा। सरकार ने जल जीवन मिशन योजना के तहत घर-घर नल से जल पहुंचने के लिए मुहिम चला रही है, लेकिन सरकार की महत्वाकांक्षी योजना नाथनगर ब्लाॅक क्षेत्र में पूरी तरह फेल नजर आ रही है। ब्लॉक क्षेत्र के कई गांव में जल जीवन मिशन योजना के तहत काम अधूरे पड़े हुए हैं।
नाथनगर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत सुक्खीपुर में ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल के लिए टंकी, भवन, सोलर पैनल और चाहरदीवारी के अलावा वाटर सप्लाई का कार्य मार्च 2023 तक करना था। जिसके लिए सरकार ने वर्ष 2022 में एक करोड़ 67 लाख स्वीकृति कर कार्यदाई संस्था को उपलब्ध कराया है।
टंकी और सोलर का निर्माण अब तक पूरा नहीं हो सका। भवन के किनारे बनाए गए बाउंड्री वॉल मानक के अनुरूप न बनाए जाने के कारण कुछ दिनों पूर्व ढह गया है। फर्श भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त है। पाइप भी पूरा नहीं बिछाया जा सका है।
निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा न करने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीण लालचंद, राजधारी, फूलचंद, रविन्द्र, रामकरन, जगदीश, विजय कुमार आदि ने बताया कि कार्यदायी संस्था द्वारा समय सीमा से नौ माह बाद भी निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया। न तो सोलर लगाए गए और ना ही बाउंड्रीवाल को सही ढंग से बनाया गया। आलम यह है कि टंकी का निर्माण अभी शुरू भी नहीं कराया गया।
जिससे ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके पहले नाथनगर ब्लाक क्षेत्र के ग्राम चोलखरी के प्रधान द्वारा जल निगम द्वारा बनाई गई टंकी, फर्श और दीवाल की जांच डीएम को पत्र लिखकर कराई गई थी।
जिसको खंड विकास अधिकारी नाथनगर में जांच कर मानक के अनुरूप निर्माण कार्य नही पाया गया था। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।