कलेक्ट्रेट में आयोजित जिला स्वच्छता समिति की बैठक को संबोधित करते डीएम संदीप कुमार।संवाद
संतकबीरनगर। जिला स्वच्छता समिति की बैठक बुधवार को डीएम संदीप कुमार की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में हुई। इसमें ओडीएफ प्लस चयनित ग्राम पंचायतों में आरआरसी सेंटर बनाने के लिए जमीन की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
सीडीओ संत कुमार उपस्थित में हुई बैठक में डीएम ने एजेंडा बिंदुओं पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जिला स्वच्छता समिति की विगत बैठक में ओडीएफ प्लस चयनित ग्राम पंचायत लोहरसन, ग्राम पंचायत नंदौर में आरआरसी सेंटर के लिए भूमि उपलब्ध कराए जाने के संबंध में डीएम ने जिला पंचायतराज अधिकारी से स्थिति की जानकारी मांगी। जिस पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने अवगत कराया कि तहसीलदार मेंहदावल से इसके संदर्भ में दूरभाष पर वार्ता की गयी है।
बैठक में बताया गया कि जल्द ही इसका निस्तारण कराते हुए भूमि उपलब्ध करा दी जाएगी। सीडीओ संत कुमार ने जिला पंचायतराज अधिकारी को निर्देशित किया कि तहसीलदार मेंहदावल से निरंतर संपर्क कर इसका निस्तारण जल्द कराएं। डीएम ने स्वच्छ भारत मिशन योजनांतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन करने के निर्देश समिति के सदस्यों सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी को दिए। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत जनपद की कुल 451 ग्राम पंचायतों के 733 राजस्व ग्रामों की ग्राम स्वच्छता कार्ययोजना तैयार करने एवं उसके अनुमोदन पर विचार के संदर्भ में डीपीआरओ को अवगत कराया गया कि निदेशालय स्तर से चयनित जनपद की कुल 451 ग्राम पंचायतों के 733 राजस्व ग्रामों की ग्राम स्वच्छता कार्ययोजना तैयार की जानी है, जिसके सापेक्ष 61 ग्राम पंचायतों के 86 राजस्व ग्रामों की कार्ययोजना तैयार की गयी है।
डीएम ने सहमति प्रदान करते हुए कार्ययोजना का अनुमोदन किया तथा जिला पंचायतराज अधिकारी को निर्देशित किया गया कि वेस्ट इस्टेबलाइजेशन पांड एवं रोड वेड डिवाट्स फाइटोरिङ तकनीक पर भी कुछ ग्राम पंचायती में पॉयलट प्रोजेक्ट के रूप में कार्य कराएं। बैठक में सीएमओ डॉ. अनिरूद्ध कुमार सिंह, प्रभारी जिला विकास अधिकारी जीशान रिजवी, वरिष्ठ कोषाधिकारी जगनारायण झा, डीपीआरओ प्रमोद कुमार यादव, जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. श्वेता त्रिपाठी, बलदाऊ जी शर्मा, सुरेश कुमार सरोज सहित संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।