संवाद न्यूज एजेंसी
रोसयाबाजार। ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए शुरू की गई जल जीवन मिशन योजना की रफ्तार माझा चहोड़ा गांव में धीमी पड़ गई है। पानी की टंकी का निर्माण रुकने से ग्रामीणों को एक वर्ष बाद भी शुद्ध पेयजल मिलने का इंतजार है।
योजना के तहत घर-घर नल से जल पहुंचाने का सपना दिखाया गया लेकिन निर्माण कार्य पूरा नहीं होने से ग्रामीणों की उम्मीदों पर पानी फिरता नजर आ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि एक साल पहले पानी की टंकी का निर्माण कार्य शुरू हुआ लेकिन उसे बीच में ही छोड़ दिया गया। उम्मीद थी कि जल्द ही उन्हें घरों में नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल मिलने लगेगा लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका।
इससे योजना का लाभ मिलने की आस लगाए बैठे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है। दरअसल जल निगम की तरफ से वर्ष 2025 में यहां 200 किलोलीटर क्षमता की टंकी का निर्माण शुरू कराया गया। टंकी निर्माण के लिए 26 लाख रुपये स्वीकृत हुए और यह कार्य छह माह में पूरा कर लिया जाना था। ग्रामीण इंद्रेश यादव, परशुराम, राजमती, झिनका देवी, संतोष यादव, उमेश यादव, कमलावती, कोठारी, लालमन, रामानंद, सरवन, महेंद्र, कृपा शंकर, राम सजीवन, हीरा, रामू आदि लोगों ने बताया कि टंकी का निर्माण कार्य एक वर्ष से चल रहा है। आज भी पीने के पानी के लिए पुराने संसाधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
गर्मी हो या अन्य मौसम, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता उनके लिए चुनौती बनी हुई है। सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के बावजूद गांव के लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने तथा नियमित रूप से पेयजल आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है।
जल निगम के जेई विश्वजीत सिंह ने बताया कि जल्द ही निर्माण कर पूरा कराकर के ग्राम पंचायत को हैंडओवर कर दिया जाएगा, जिसके बाद ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल मिलना शुरू हो जाएगा।