लोहरैया। क्षेत्र के सियरकला और गायघाट गांव को एमबीडी बांध से जुड़ने वाली पुलिया का निर्माण पिछले छह महीने से लटका है। क्षतिग्रस्त पुलिया को जून में तोड़कर हटा तो दिया गया लेकिन नई पुलिया का निर्माण शुरू नहीं हो सका। इससे दोनों गांवों के ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।
हालात यह हैं कि एक किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए ग्रामीणों को करीब तीन किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ रहा है। दोपहिया और चार पहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप है। ग्रामीणों के अनुसार, सियरकला और गायघाट को एमबीडी बांध से जोड़ने वाली यह पुलिया कई वर्षों से क्षतिग्रस्त थी। इसकी मरम्मत और नई पुलिया के निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी।
विज्ञापन
जून में पुलिया को तोड़कर हटा दिया गया। लोगों में उम्मीद जगी कि जल्द ही नई पुलिया बन जाएगी। आवागमन के लिए बगल में बालू डालकर अस्थायी रास्ता तैयार किया गया लेकिन बरसात शुरू होते ही यह रास्ता टिक नहीं सका। सरयू में आई बाढ़ के पानी ने अस्थायी रास्ते को भी बहा दिया।