संतकबीरनगर। स्वच्छ भारत कार्यक्रम की हकीकत जांचने सीडीओ अल सुबह मॉर्निंग फालोअप पर निकल रहे हैं। बुधवार की सुबह छह बजे सीडीओ ने सेमरियांवा ब्लॉक के चंगेरा-मंगेरा गांव का निरीक्षण किया। यहां करीब पांच सौ शौचालय अपूर्ण होने पर नाराजगी जताते हुए ग्राम पंचायत सचिव को कार्य पूर्ण होने तक गांव में रहने के निर्देश दिए। जगदीशपुर लहुरादेवा में स्थिति बेहतर मिलने पर जिम्मेदारों व गांव के लोगों को बधाई भी दी।
्चंगेरा मंगेरा गांव में बीडीओ आरके चतुर्वेदी व ग्राम पंचायत सचिव रजनी सिंह की मौजूदगी में सीडीओ हाकिम सिंह ने शौचालय निर्माण के आंकड़े व हकीकत की पड़ताल शुरू की। स्वच्छताग्रही के अनुपस्थित रहने पर स्पष्टीकरण मांगकर कार्रवाई के निर्देश दिए। यहां शौचालय निर्माण की प्रगति अत्यंत खराब थी। कई लाभार्थियों ने बताया कि उन्हें धनराशि नहीं मिली है। वर्तमान वर्ष में 736 शौचालय बनने हैं। इनमें बमुश्किल 200 ही पूर्ण हैं। अधिकांश शौचालयों का निर्माण शुरू ही नहीं हुआ है। सीडीओ ने प्रधान राजेश कुमार सिंह व सचिव रजनी सिंह को कार्य में सुधार लाने के निर्देश दिए।