महुली। क्षेत्र के एक गांव निवासी विद्युत उपभोक्ता ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराकर विद्युत कर्मचारी पर कार्रवाई की मांग की है। नाथनगर ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मड़हाराजा निवासी विद्युत उपभोक्ता अब्दुल हई पुत्र मुहम्मद बासफा ने बताया कि वह एक किलोवाॅट घरेलू कनेक्शन धारक है। अपनी बकाया बिल एकमुश्त समाधान योजना अंतर्गत जमा भी कर दिया है। बावजूद इसके बुधवार को उपखंड धनघटा अंतर्गत मुखलिसपुर उपकेंद्र के महुली फीडर पर कार्यरत संविदाकर्मियों ने जबरिया बकाया कहकर उसके कनेक्शन को काट दिए हैं। पीड़ित उपभोक्ता ने बताया कि उस दौरान वह घर पर मौजूद नहीं थे। उस समय उसका 11 वर्षीय बेटा था। उसके बार-बार कहने के बाद भी विद्युत कर्मचारी नहीं माने। आरोप है कि जब वह संविदाकर्मियों से कनेक्शन काटने के बारे में पूछा तो वह नाराज होकर बोले कि जेई साहब का आदेश हैं। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की गई है।