संतकबीरनगर। डीएम आलोक कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की बैठक हुई। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण की अद्यतन स्थिति एवं प्रगति की समीक्षा की गई। डीएम ने कहा कि 11 दिसंबर तक एसआईआर का कार्य कराया जाना है। इसके लिए बीएलओ को समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम ने मतदाता विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 में गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन में सक्रिय भागीदारी निभाएं। बूथ लेवल अधिकारी एवं बूथ लेवल एजेंट से संपर्क कर नो मैपिंग का अनुपात कम करें। जो मतदाता जो मैपिंग में अवशेष रह जा रहे हैं, उनकी सूची बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने बूथ पर चस्पा करा दें तथा बूथ लेवल एजेंट को भी अवगत करा दें।
उन्होंने कहा कि फार्म-6 के लिए जो लोग आवेदन कर रहे हैं, उनका फार्म भी बूथ लेवल अधिकारी फीड कर दें। उन्होंने निर्देशित किया कि 12 दिसंबर को बूथ लेवल अधिकारी एवं बूथ लेवल एजेंट की बैठक अपने बूथ पर कर लें और उसका कार्यवृत्त, फोटोग्राफ्स एवं 30 सेकंड का वीडियो बना लें।
उन्होंने मतदाताओं को आश्वस्त किया कि जो वास्तविक मतदाता हैं, किसी का नाम नहीं छूटेगा। सभी लोग विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के दूसरे चरण में सहयोग करें। उन्होंने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया और निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण में सहयोग की अपील की।
एडीएम जय प्रकाश, पूर्व प्रदेश सचिव समाजवादी पार्टी रामदरश, जिलाध्यक्ष अपना दल एस सचिन सिंह सैंथवार, जिला उपाध्यक्ष भाजपा आदित्य प्रताप यादव, जिला उपाध्यक्ष कांग्रेस सुनील पांडेय, अभिषेक कुमार, मनोहर सिंह, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज आदि मौजूद रहे।