संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने शुक्रवार को पुलिस लाइंस परिसर का निरीक्षण कर निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आधुनिक गेस्ट हाउस, बहुमंजिला आवासीय भवन तथा नई सड़कों के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान एसपी ने निर्माणाधीन बहुमंजिला आवासीय भवन की साइट पर पहुंचकर निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में उच्च गुणवत्ता मानकों का पालन किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
निर्माणाधीन आधुनिक गेस्ट हाउस का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। कहा कि परियोजना समय से पूर्ण होने पर पुलिसकर्मियों एवं आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
पुलिस लाइंस परिसर में बन रही नई सड़क का निरीक्षण करते हुए एसपी ने जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने तथा सड़क की मजबूती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण निर्माण से भविष्य में आवागमन में किसी प्रकार की समस्या नहीं होगी।
निरीक्षण के दौरान सीओ अमित कुमार, सीओ सर्वदवन सिंह, आरआई रामबली यादव समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।