सेमरियावां। ब्लाॅक कार्यालय में बीडीओ धर्मेश चंद्र पांडेय की अध्यक्षता में संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा दस्तक अभियान को सफल बनाने को लिए ब्लाॅक टास्क फोर्स की बैठक हुई। इस दौरान अभियान की सफलता पर जोर दिया गया। बीपीएम राजेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान में बीमारियों से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया जाना है। इसके लिए गंदा पानी पीने से व गंदगी के कारण होने वाले रोगों से बचाव के लिए स्वच्छता अभियान भी चलाया जाना है। इसमें स्वास्थ्य विभाग के साथ राजस्व व शिक्षा विभाग, पशुपालन विभाग, कृषि एवं सिंचाई विभाग, बाल पुष्टाहार विभाग आदि विभागों मिलकर इस अभियान को जिम्मेदारी सौंपी गई है। कहाकि संचारी रोग नियंत्रण अभियान पांच अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक तथा दस्तक अभियान 11 से 31 अक्तूबर तक चलाया जाएगा। बीडीओ धर्मेश चंद्र पांडेय ने कहा कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान व दस्तक अभियान को सफल बनाने के लिए सभी लोग जुट जाएं। सभी विभाग के जिम्मेदारों को अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी के साथ निभाने की जरूरत है। जिससे अभियान को सफल बनाया जा सके। संवाद