संतकबीरनगर। जिले में एक जुलाई से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। इसकी शुरूआत मंगलवार को सीएमओ कार्यालय पर प्रचार वाहनों को झंडी दिखाकर रवानगी के साथ किया जाएगा, जबकि 11 जुलाई से फ्रंट लाइन वर्कर घर-घर दस्तक देंगे। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने माइक्रो प्लान तैयार कर लिया है।
विभिन्न ब्लॉकों में कुल 1979 टीमें लगाई गई हैं। यह टीमें घर-घर जाएंगी और लोगों को जागरूक करने के साथ ही जेई, एईएस, कुष्ठ रोगी, क्षय रोगी आदि की पहचान करेंगी।
साथ ही लोगाें को स्वच्छता का संदेश देंगी।एक जुलाई से 31 जुलाई तक शासन के निर्देश पर विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू किया जा रहा है। पहले चरण में 16 विभागों के जरिए जागरूकता रैली, झाड़ियों की कटाई और साफ-सफाई का कार्य किया गया।
इस अभियान में 11 जुलाई से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान शुरू होगा। इसमें आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की टीमें घर-घर दस्तक देंगी। अभियान के दौरान जेई, एईएस मरीजों को चिह्नित करेंगी। साथ ही क्षय रोग, कुष्ठ रोग के संदिग्ध मरीजों की पहचान करेंगी।
प्रतिदिन इसकी रिपोर्ट ब्लॉक स्तर पर भेजी जाएगी। इसके लिए एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई है। घर-घर भ्रमण के दौरान फ्रंट लाइन वर्कर फ्रीज, कूलर आदि की भी जांच करेंगीं।
लोगों को संदेश देंगी कि घर के आसपास कहीं पर भी जल भराव न होने दें। स्वच्छता का विशेष ध्यान दें। बासी भोजन न करें। इन टीमों की निगरानी के लिए डब्लूएचओ व यूनिसेफ के कोऑर्डिनेटरों को भी लगाया गया है। अभियान के नोडल डॉ. वीपी पांडेय ने बताया कि दस्तक अभियान को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है।