- कलक्ट्रेट के आपदा कक्ष में बनाया गया कंट्रोल रूम, परियोजना निदेशक करेंगे निगरानी
- उम्मीदवारों के फेसबुक अकाउंट की पर रखी जाएगी नजर, आपत्तिजनक पोस्ट पर होगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। लोकसभा चुनाव में सोशल मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण होने वाली है। ऐसे में इसका दुरूपयोग भी हो सकता है। इसे देखते हुए चुनाव आयोग ने नजर रखना शुरू कर दिया है। कलक्ट्रेट के आपदा कक्ष को सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। इसकी निगरानी परियोजना निदेशक करेंगे। उनकी निगरानी में चार सदस्यीय टीम सोशल मीडिया पर अपलोड होने वाले पोस्ट को देखेंगे व रिपोर्ट देंगे।
सोशल मीडिया का क्रेज लगातार बढ़ रहा है। साथ ही राजनैतिक दलों ने भी सोशल मीडिया पर अकाउंट बना लिए हैं। छोटी- बड़ी सूचनाओं को नेता सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं। इसको देखते हुए निर्वाचन आयोग अब सक्रिय हो गया है। सोशल मीडिया पर किए जाने वाले पोस्ट पर आयोग की नजर रहेगी। उम्मीदवारों के फेसबुक अकाउंट पर भी आयोग नजर रखने की तैयारी में है।
उम्मीदवारों को अपना फेसबुक अकाउंट आयोग को बताना पड़ेगा। सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए कलक्ट्रेट के आपदा कक्ष में एलईडी टीवी लगाया गया है। जहां पर चार कर्मचारियों की डयूटी लगेगी। साथ ही जिले में चलने वाले लोकल व्हाट्सएप को इससे जोड़ दिया जाएगा। दो राष्ट्रीय व दो स्थानीय समाचार पत्र भी आएंगे। इस पर निगरानी रखी जाएगी। इसमें अगर कोई भी गलत पोस्ट या खबर चलाएगा तो उसको नोटिस भेजने के साथ ही कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर निगरानी के लिए आपदा कक्ष को तैयार किया गया है। यहां पर कर्मचारियों की डयूटी लगाई जा रही है। इसकी माॅनीटरिग परियोजना निदेशक संजय नायक करेंगे। कोई भी आपत्तिजनक पोस्ट पर कार्रवाई की जाएगी।
- जय प्रकाश, उप जिला निर्वाचन अधिकारी