कप्तानगंज। थाना क्षेत्र के कटरी (गढ़हा गौतम) गांव के निकट सोमवार देर शाम तेज रफ्तार ऑटो ने ठेले में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ठेला चालक समेत ऑटो चालक और उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया।
विज्ञापन
कटरी गांव निवासी श्याम बहादुर प्रजापति सोमवार शाम करीब 6:30 बजे ठेले पर दीये बेचकर घर लौट रहे थे। गढ़हा गौतम गांव के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ऑटो ने उनके ठेले में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में चला गया। हादसे में श्याम बहादुर प्रजापति के अलावा ऑटो चालक उदय चंद्र और उनकी पत्नी दुर्गावती निवासी दुबखरा, थाना नगर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया। थानाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि घायलों का इलाज चल रहा है।