विधानसभ्ाा चुनाव की घोषणा होती ही चुनाव आचार संहिता प्रभावी हो गई। इसी के साथ अफसर सक्रिय हो गए और नगर से लेकर गांव तक जगह-जगह लगे बैनर, पोस्टर और होर्डिंग्स हटाए जाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई।
बुधवार को दोपहर में जैसे ही आचार संहिता लागू होने की खबर प्रसारित हुई, वैसे ही अधिकारियों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई। आयोग द्वारा तय समय सीमा में तैनाती वाले अफसर तो तबादला न होने को लेकर बेफ्रिक दिखे, लेकिन जिन अफसरों के कार्यकाल आयोग के तय मानक से अधिक हो गए हैं, वे तबादले को लेकर परेशान रहे। डीएम सुरेश कुमार ने निर्देश जारी कर दिया कि आयोग के निर्देश के क्रम में जनपद में जहां-जहां राजनीतिक दलों के बैनर, पोस्टर और होर्डिग्स आदि लगाए गए हैं, उन्हें तत्काल हटवाए जाए। इधर, एडीएम कार्यालय में एएसपी अशोक कुमार वर्मा, एसडीएम सदर उमेशचंद निगम और एसडीएम प्रफुल्ल त्रिपाठी ने बैठक कर बैनर- पोस्टर हटवाए जाने की रणनीति तय की। एसपी हीरालाल ने एएसपी को निर्देशित किया है कि सेट से सूचना प्रसारित कर दी जाए कि सभी थानाध्यक्ष अपने- अपने क्षेत्रों में लगे बैनर, पोस्टर और होर्डिग्स हटवाना सुनिश्चित कराएं।
शाम चार बजे के करीब एसडीएम सदर उमेश चंद निगम की अगुआई में नायब तहसीलदार आर के पांडेय ,नगर पालिका के कर अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने कर्मियों के साथ शहर के मेंहदावल बाईपास, मधुकुंज तिराहा, मुखलिसपुर तिराहा,गोला बाजार, बैंक चौराहा, मोती चौराहे, स्टेशन रोड आदि पर लगे बैनर ,पोस्टर और होर्डिंग्स को हटवाया। इसके साथ ही कलेक्ट्रेट, विकास भवन और एसपी कार्यालय के आसपास भी पोस्टर ,बैनर आदि को हटवाए जाने का निर्देश दिया। एडीएम एस एन शुक्ला ने बताया कि जनपद में पांचवें चरण में 27 फरवरी को मतदान होना तय हुआ है। यहां दो फरवरी से नौ फरवरी तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। 11 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच और 13 फरवरी को नाम वापसी व उम्मीदवारों की सूची चस्पा करने के साथ चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। यह प्रक्रिया कलेक्ट्रेट भवन में होगी। 11 मार्च को मतगणना होगी।
इसके लिए एचआरपीजी कॉलेज में व्यवस्था रहेगी। खलीलाबाद, मेंहदावल और धनघटा विधान सभाओं में तीन- तीन उड़न दस्ता गठित किया गया है, जिसे बैनर, पोस्टर, होर्डिंग्स हटाए जाने का निर्देश दे दिया गया। इसके साथ ही स्टेटिक सर्विलांस टीम भी इस काम में जुट गई है। वहीं मेंहदावल में एसडीएम राहुल पांडेय, हैंसर बाजार क्षेत्र में तहसीलदार राजेश गुप्ता और महुली में कानूनगो श्रीधर पांडेय के नेतृत्व में पोस्टर, बैनर हटवाए गए।