संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र में पिछले दिनों ब्लूमिंग बड्स स्कूल मुखलिसपुर रोड में हुए कार्यक्रम में हंगामा हो गया था। साथ ही अनुमति से ज्यादा भीड़ भी एकत्रित हो गई थी। इसकी वजह से अफरा-तफरी की स्थिति बन गई थी। मामले में सीओ ने कार्रवाई के लिए एसडीएम को रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसके बाद एसडीएम ने प्रधानाचार्य से स्पष्टीकरण तलब किया है। पांच बिंदु पर संतोषजनक स्पष्टीकरण न मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
मुखलिसपुर रोड स्थित ब्लूमिंग बड्स स्कूल में 11 फरवरी को वार्षिकोत्सव कार्यक्रम के लिए 17 जनवरी को अनुमति के लिए एसडीएम के यहां अनुमति पत्र दिया गया था। सीओ खलीलाबाद की संस्तुति के आधार पर निर्धारित शर्त के अनुसार कार्यक्रम की अनुमति प्रदान किया गया था। मशहूर गायक स्टेबिन के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई थी। परिसर में प्रवेश के लिए उचित प्रबंध नहीं किया गया था। एक ही रास्ते से महिला एवं पुरुष दोनों को प्रवेश कराया गया। इससे पुलिस प्रशासन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
परिसर में अलग-अलग बैठने की व्यवस्था अथवा बैरिकेडिंग नहीं की गई थी। केवल एक मैदान में सभी को सामूहिक रूप से बैठने की व्यवस्था थी। प्रशासन को 500 लोगों के अनुमानित भीड़ की सूचना दी गई थी। जबकि 1500 से अधिक कार्ड का वितरण किया गया। इस पर करीब 2000 लोग कार्यक्रम में आए। पार्किंग की कोई व्यवस्था न होने के वजह से सड़क पर गाड़ियां खड़ी हुई। इससे जाम लग गया और पुलिस प्रशासन ने काफी मशक्कत के बाद जाम हटवाया।
सीओ की रिपोर्ट के बाद एसडीएम ने प्रधानाचार्य से 23 फरवरी को तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का आदेश दिया है।