एक ही पटल पर तीन साल से जमे लिपिक हटेंगे
- बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, डायट व बीआरसी से लिपिकों का होगा तबादला
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, डायट व बीआरसी पर तीन साल से तैनात लिपिकों का स्थानांतरण किया जाएगा। इनकी सूची तैयार की जा रही है। 10 जुलाई तक पटल परिवर्तन कर उसकी सूचना महानिदेशक स्कूली शिक्षा अभियान को भेजना है। महानिदेशक ने एडी बेसिक और बीएसए को इन लिपिकों को हटाने का निर्देश दिया है।
शासन ने बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत बीएसए कार्यालय, डायट, बीआरसी, वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक आदि कार्यालय में तीन साल से तैनात लिपिकों के पटल परिवर्तन का निर्देश दिया है। इसके साथ ही 10 साल की सेवा पूर्ण कर चुके लिपिकों का स्थानांतरण जिले से बाहर करने को कहा है। महानिदेशक स्कूली शिक्षा अभियान विजय किरण आनंद ने निर्देश जारी कर कहा है कि लिपिक जो तीन साल की सेवा एक ही पटल पर पूर्ण कर चुके है उनका पटल परिवर्तन कर दिया जाए। इसके साथ ही एक ही जिले में 10 साल की सेवा पूर्ण कर चुके लिपिकों का स्थानांतरण अन्य जिले में कर दिया जाए। स्थानांतरण में पूरी तरह से पारदर्शिता बरती जाए। यह स्थानांतरण 10 जुलाई तक हर हाल में कर लिया जाए। इसकी रिपोर्ट कार्यालय को भी भेजी जाए।
महानिदेशक स्कूली शिक्षा अभियान के निर्देश के बाद जिले के बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले कार्यालय में लगभग 10 लिपिकों का स्थानांतरण व पटल परिवर्तन होना तय है। बीएसए सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि कार्यालयों में तैनात लिपिकों की सूची तैयार कराई जा रही है। इसे एडी बेसिक कार्यालय को भेजा जाएगा। वहां से जैसा निर्देश होगा उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।