रोसयाबाजार। पर्यावरण को स्वच्छ रखने के लिए सरकार जहां साफ-सफाई पर विशेष जोर दे रही है। वही पौली के ग्राम पंचायत निहैला की सड़कों व गलियों में लगी गंदगी से लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। शिकायत के बाद भी समस्या का निराकरण नहीं हो पा रहा है। जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामानंद चौधरी, विश्वनाथ, राधेश्याम, दयाराम, कल्पना, रामभरोस, शिवानंद, हरिकिशन आदि ने बताया कि गांव में तैनात सफाई कर्मी लगभग दो माह से गायब है। जिससे गांव की सडकों व गलियों में गंदगी जमा हो गई है। सार्वजनिक व अन्य जगहों पर जमा हुई गंदगी से उठ रही दुर्गंध से लोगों का बाहर निकलना दुश्वार हो गया है। हम सभी को अब संक्रामक बीमारी फैलने की आशंका सताने लगी है।
इस संबंध में एडीओ पंचायत दल सिंगार यादव ने बताया कि जल्द ही गांव में सफाई कर्मी की तैनाती करा दी जाएगी। उससे पहले रोस्टर लगाकर गांव में गंदगी की सफाई कराई जाएगी