मेंहदावल। नगर के पक्का पोखरा क्षेत्र में मामूली कहासुनी ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने 13 नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उत्तरपट्टी निवासी अमन सिंह पुत्र संजय सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने साथियों के साथ करमैनी से मेंहदावल लौट रहे थे। रात करीब नौ बजे पक्का पोखरा के पास अव्वल केवटलिया निवासी शंभू उर्फ पसावन, टिक्की उर्फ अमरजीत निषाद समेत चार अज्ञात लोगों ने उनकी कार पर ईंट-पत्थर फेंक दिए, जिससे कार का शीशा टूट गया। विरोध करने पर विपक्षियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में उनके मित्र प्रभात सिंह निवासी कोटिया सोनौरा के सिर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर बेहोश हो गए। अन्य लोगों को भी चोटें आईं। आरोप है कि जाते समय हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
वहीं दूसरे पक्ष से सिक्टौर बाबू निवासी शंभू निषाद पुत्र परशुराम ने भी पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि वह अपनी मां के निधन की सूचना देने पक्का पोखरा गए थे। इसी दौरान कार से पहुंचे अमन सिंह, अंश सिंह, प्रभात सिंह, रविकांत समेत अन्य लोगों ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडे और धारदार हथियार से मारपीट की, जिससे उनके सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर लिया गया है। घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है और मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।