-जून माह में सक्रिय हो जाएगा मानसून तो बढ़ जाएगी मुसीबत
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। शहर से जुड़े कई संपर्क मार्ग खस्ताहाल हो गए हैं। इन मार्गों पर चलने वाले राहगीर परेशान हैं। बावजूद इसके इन सड़कों पर किसी का ध्यान नहीं है। ऐसे में इन सड़काें की मरम्मत न होने से सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। मानसून सक्रिय होने के बाद जब बारिश होगी तो सड़कें मुसीबत की सबब बन सकती हैं।
खलीलाबाद शहर के बंजरिया मार्ग से नेदुल जाने वाली सड़क पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। इस मार्ग से होकर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना होता है। इसी प्रकार की स्थिति खलीलाबाद रेलवे स्टेशन से विधियानी मोड़ तक जाने वाले मार्ग की भी है। सड़क की गिट्टियां उखड़कर बिखरी हुई है। जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी झेलनी पड़ रही है। यही नहीं इस मार्ग पर कई शिक्षण संस्थान भी है। ऐसे में विद्यार्थियों को प्रतिदिन दर्द झेलना पड़ रहा है। खलीलाबाद के त्रिपाठी मार्केट से छापड़िया कालोनी की सड़क भी टूट गई है। इसके साथ ही रामजानकी मंदिर से बरदहिया मार्ग, व राजकीय कन्या महाविद्यालय को जोड़ने वाली सड़क भी जगह- जगह टूट गई है। इससे होकर गुजरना खतरे से खाली नहीं हैं। लोग सड़कों की मरम्मत की मांग कर रहे हैं। शहर के निवासी लवकुश, प्रेेमचंद्र आदि का कहना है कि जून माह में मानसून सक्रिय हो जाएगा और बारिश शुरू हो जाएगी तो गड्ढों में तब्दील सड़क मुसीबत बन सकती है।
शहर की जर्जर सड़कों की मरम्मत के लिए जल्द ही कदम उठाए जाएंगे। इसके लिए कदम उठाए जा रहे हैं। पूरा प्रयास होगा कि बरसात से पूर्व सड़कों की मरम्मत का कार्य पूर्ण हो जाए, ताकि लोगों को समस्या न झेलनी पड़े।
- जगत जायसवाल, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद खलीलाबाद