- संभल कर नहीं चले तो हो सकती है दुर्घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। सरकार और प्रशासन भले ही दावा करें कि सड़कें गड्ढा मुक्त हो गई है, लेकिन यह दावा खलीलाबाद शहर में ही फेल नजर आ रहा है। शहर की कई तमाम ऐसी सड़कें हैं जहां संभल कर नहीं चलने से दुर्घटना हो सकती है।
खलीलाबाद कस्बे के नेदुला से पटखौली होते हुए विकास भवन को जाने वाली सड़क टूट गई है। जगह- जगह गड्ढे बन गए हैं। गिट्टियां उखड़कर सड़क पर ही बिखरी पड़ी है। जिससे आने जाने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसी ही स्थिति समय माता मंदिर से होकर बरदहिया बाजार की ओर जाने वाली सड़क का भी है। यह सड़क नाला निर्माण के दौरान टूट गई है। उबड़-खाबड़ सड़क पर पैदल आना-जाना भी मुश्किल हो गया है।
विधियानी मोड़ से रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाली सड़क की भी स्थिति काफी खराब है। इस मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं जिससे लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग पर विद्यालय और कोचिंग सेंटर चलते हैं। सड़क पर गड्ढा होने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। शहर के निवास महेश प्रसाद, अब्दुल्लाह आदि ने कहा कि शहर की सड़कों की हालत काफी खराब है। इन लोगों ने कह कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत होनी चाहिए। इस संबंध में एक्सईएन पीडब्लूडी राकेश पांडेय ने कहा कि शहर की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए जल्द ही कदम उठाया जाएगा।