बेलहर। बेलहर थाना क्षेत्र के झुडिया स्थित लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक कन्या इंटरमीडिएट कॉलेज में वन प्राणी सप्ताह के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वन विभाग एवं क्विक रिस्पांस सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं के छात्र - छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य सन्दीप चतुर्वेदी ने किया। इस अवसर पर पौधा लगाओ, पर्यावरण बचाओ का आह्वान किया गया। गंगाधार समिति के परियोजना अधिकारी प्रमोद कुमार सिंह ने वन हमारी जीवनदायिनी हैं विषय पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए स्वच्छता की शपथ दिलाई। क्विक रिस्पांस सोसाइटी गोरखपुर के अध्यक्ष गौतम राज ने प्लास्टिक का दुष्प्रभाव विषय पर छात्राओं को जागरूक किया।
कार्यक्रम में भाषण, निबंध एवं कला प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। भाषण प्रतियोगिता में कक्षा 8 की छात्रा सुनैना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि दीपक राजपूत और प्रीति ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कक्षा 10 की छात्रा सपना गुप्ता ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। कुल 108 छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस अवसर पर वन दरोगा रामस्वरूप, वनरक्षक मनीष कुमार, संतोष चौधरी, राजीव, महेश चंद्र, मलिक गिरीशंकर मौर्य, विनोद कुमार, केशव मिश्रा, रामचंद्र, प्रियंका चौधरी समेत विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।