- जिला अस्पताल में रोजाना 150 बच्चे इलाज के लिउ पहुंच रहे
- जांच में चार से पांच बच्चे निकल रहे पीलिया से ग्रसित
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। बारिश और फिर तेज उमस से बच्चे उल्टी-दस्त, बुखार के साथ पीलिया की भी चपेट में आ रहे हैं। जिला अस्पताल में रोजाना 150 बच्चे पहुंच रहे हैं। जांच के दौरान चार से पांच बच्चे पीलिया से ग्रसित हो रहे हैं। डॉक्टर सतर्कता बरतने की सलाह दे रहे हैं। साथ ही जो बच्चे गंभीर हैं उन्हें भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।
बाल रोग विभाग के चिकित्सक डॉ. डीपी सिंह ने बताया कि बारिश के बाद तेज धूप और उमस से बच्चों का खानपान बिगड़ रहा है। ऐसे में वह पीलिया के शिकार हो रहे हैं। समय से पहले जो प्रसव हो रहे हैं या जिन नवजात का वजन जन्म से बाद कम है या फिर बच्चे का ब्लड ग्रुप मां या पिता से नहीं मिल रहा है, ऐसे नवजात भी पीलिया के शिकार हो जाते हैं। अस्पताल में प्रतिदिन इस तरह के चार से पांच मामले आ रहे है।
ये हैं पीलिया के लक्षण
- बच्चों को भूख न लगना।
- पीले रंग का पेशाब आना।
- आंखों में पीलापन होना।
- तेज बुखार और शरीर में दर्द होना।
बरतें सावधानियां
- खाने को मीठा दही, तरल पदार्थ और जूस दें।
- बच्चों को आराम करने दें।
- डाॅक्टर की सलाह पर बच्चों को दवा दें।