बखिरा। नगर पंचायत बखिरा के झुंगिया स्थित पुरऊआ टोला निवासी बालक ट्रैक्टर की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन इलाज के लिए सीएचसी मेंहदावल लेकर गए। वहां पर डाक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। बालक की मौत से परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
झुंगिया स्थित पुरऊआ टोला निवासी राम कुमार का 10 वर्षीय बेटा प्रिंस निषाद बृहस्पतिवार की शाम साढ़े पांच बजे के करीब अपनी छोटी बहन को साइकिल पर बैठाकर किसी कार्य के लिए बाजार जा रहा था। उसी दौरान झुंगिया से मिट्टी गिराकर तेज गति से जा रहे ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। प्रिंस गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर लोगो की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर पुलिस को सौंप दिया। सूचना पर पहुंचे परिजन घायल प्रिंस को लेकर सीएचसी मेंहदावल गए। डाॅक्टर ने देखते ही प्रिंस को मृत घोषित कर दिया। जबकि उसकी बहन को मामूली चोट लगी है। इलाज के बाद वह घर पर है। परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है। पिता मुंबई में रहते हैं। प्रिंस की दो बहनें हैं, जबकि प्रिंस इकलौता बेटा था। एसओ श्याम मोहन ने बताया ट्रैक्टर की चपेट में आने से बालक की मौत हो गई है। ट्रैक्टर को थाने पर भेज दिया गया है। मेंहदावल से शव आने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया जाएगा। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।