संतकबीरनगरधनघटा। लिंक एक्सप्रेस के पास से तीन किलोमीटर नाला बनाया जाएगा। पानी को घाघरा नदी में गिराया जाएगा। इससे क्षेत्र के 15 से अधिक गांवों के किसानों के खेतों में जलभराव नहीं होगा और वे धान की फसल को भी ठीक से उगा सकेंगे। इसके साथ ही शहीद सत्यवान सिंह के गांव घोरांग को मॉडल गांव के रूप में विकसित किया जाएगा। बृहस्पतिवार को डीएम महेंद्र सिंह तंवर और विधायक गणेश चंद्र चौहान ने क्षेत्र के भ्रमण के दौरान यह निर्णय लिया।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर और विधायक गणेश चंद्र चौहान सबसे पहले धनधटा तहसील परिसर में पहुंचे। तहसील सभागार अभिलेखागार आदि का निरीक्षण करने के बाद नेतवापुर चौराहे से होते हुए एमबीडी बांध का निरीक्षण किया। वहां से भौवापार के पास लिंक एक्सप्रेस वे पर पहुंचे। वहां मौर गांव के ग्राम प्रधान कन्हैया लाल यादव, गायघाट दक्षिणी के प्रधान बालेंद्र उर्फ पप्पू आदि ने सिक्स लेन सड़क के गर्भ गृह को चौड़ा करके जलनिकासी की मांग की। किसानों का कहना था कि घाघरा नदी का पानी बढ़कर जब एमबीडी बांध तक पहुंचता है तो 20 से 25 गांवों की फसल डूब जाती है। नदी का जलस्तर घटने के बाद भी जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने से पानी नहीं निकल पाता है। इससे गायघाट दक्षिणी, गुनवतिया, चकदहा, सुअरहा, दौलतपुर, सियरकला, बहराडाडी, कंचनपुर समेत 20 से अधिक गांवों के लोग धान, गेहूं आदि की बुआई नहीं कर पाते हैं। डीएम और विधायक ने कहा कि जल निकासी के स्थाई समाधान के लिए तीन किलोमीटर दूरी तक पक्का नाला का निर्माण कराया जाएगा, ताकि पानी को घाघरा नदी में गिराया जा सके। इससे किसान अपनी फसलों की बुआई समय से कर सकेंगे। डीएम और विधायक शहीद सत्यवान सिंह के गांव घोरांग में पहुंचे। वहां विकास कार्यों का निरीक्षण करने के बाद जन समस्याएं सुनीं। घोरांग गांव को मॉडल गांव के रूप में विकसित किए जाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर एसडीएम उत्कर्ष श्रीवास्तव, तहसीलदार योगेंद्र पांडेय, संजय सिंह राठौर आदि लोग मौजूद रहे।
इंसेट
बेटे की रिहाई के लिए डीएम से मिला पीड़ित पिता
डड़वा गांव निवासी फूलचंद्र चौहान घोरांग गांव पहुंच डीएम से मुलाकात किए। पीड़ित पिता ने बताया कि उसका बेटा गोरखनाथ पांच साल से सऊदी अरब की जेल में बंद है। बेटा सऊदी में एक स्कूल की गाड़ी चलाता था। वहां 29 जून 2018 को दुर्घटना हो गई थी और नौ साल के बालक की मौत हो गई थी। उसी घटना में बेटे पर केस दर्ज हुआ और तभी से बेटा जेल में बंद है। बेटे की रिहाई की लिए पूरा परिवार परेशान है। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने आश्वासन दिया कि वह इसके लिए विदेश मंत्रालय और सीएम को पत्र भेजेगे। पूरी कोशिश करेंगे कि जेल में बंद गोरखनाथ की जल्द से जल्द रिहाई हो सकें।