नाथनगर ब्लॉक के प्रधानों ने सीडीओ को घेरा
बीडीओ श्वेता वर्मा को फिर से नाथनगर ब्लॉक में तैनात करने की मांग
संतकबीरनगर। विकास खंड नाथनगर के नाराज प्रधानों ने बुधवार को विकास भवन पहुंच कर सीडीओ का घेराव किया। बीडीओ श्वेता वर्मा के स्थानांतरण की वजह से प्रधान खफा हैं। आरोप है कि साजिश के तहत बीडीओ श्वेता वर्मा का स्थानांतरण हुआ है। प्रधानों की मांग है कि बीडीओ को पुन: नाथनगर में ही तैनाती दी जाए। इस दौरान प्रधानों ने ज्ञापन सीडीओ को दिया।
प्रधान अजीत पांडेय उर्फ गणेश पांडेय, कृष्ण बहादुर पाल, राजमन यादव, अजय सिंह, सिराजुद्दीन आदि ने कहा कि पिछले डेढ़ वर्षों से ब्लॉक के 80 प्रतिशत ग्राम पंचायतों का मनरेगा योजना के तहत सामग्री भुगतान साजिश के तहत नहीं होने दिया गया। ब्लॉक की लगभग एक दर्जन ग्राम पंचायतों में एक रैकेट लगातार ठेकेदारी प्रथा से मनरेगा के तहत कार्य कराता चला आ रहा है।
यह रैकेट ब्लॉक के संबंधित बीडीओ से साठगांठ कर केवल उन्हीं ग्राम पंचायतों का भुगतान लगवा लेता है। बाकी की 80 प्रतिशत ग्राम पंचायतें वंचित हो जाती हैं। अन्य गांवों में श्रमांश और सामग्री का अनुपात भी संतुलित नहीं रहता है। अब जब निवर्तमान बीडीओ श्वेता वर्मा के जरिए ब्लॉक में मनरेगा योजना के साथ हुए खेल को रोकने का प्रयास किया जानो लगा तो उक्त रैकेट ने अपनी पहुंच की बदौलत उनका स्थानांतरण करा दिया।
मनरेगा में भ्रष्टाचार रोकने में जुटे मनरेगा एपीओ भी हटा दिए गए। इससे फिर ब्लॉक में मनरेगा में भ्रष्टाचार बढ़ने की आशंका है। उन्होंने कहा कि ब्लॉक की मनरेगा ठेकेदारी प्रथा हावी होने से रोकने और सभी ग्राम पंचायतों को बराबर अधिकार दिलाने के साथ नियम संगठन मनरेगा संचालन के लिए बीडीओ श्वेता वर्मा को फिर से तैनात किया जाए। प्रधानों ने अपनी मांगों का ज्ञापन सीडीओ को दिया।