- तीन फरवरी को आ रहे सीएम, कबीर मगहर महोत्सव का करेंगे समापन
- सामूहिक विवाह में शामिल होंगे, तैयारियां तेज
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक घंटे तक रहेंगे। वह तीन फरवरी को आ रहे है। इस दौरान कबीर मगहर महोत्सव में आयोजित सामूहिक शादी में 600 जोड़ों काे आशीर्वाद देंगे और महोत्सव का समापन करेंगे। जिसको लेकर तैयारी कर दी गई हैं। हेलीपैड आदि तैयारी के साथ ही मंडप आदि बनाने को लेकर जगह चिह्नित की जा रही है।
28 जनवरी से कबीर मगहर महोत्सव का शुभारंभ हुआ था। महोत्सव के समापन में सीएम के आने को लेकर अटकलें लगाई जा रही थी। बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की सूची प्रशासन को मिल गई। जिसमें तीन फरवरी को दोपहर 2.15 बजे मगहर में हेलीकाप्टर से आएंगे। 2.30 से 3.30 बजे तक सामूहिक विवाह में शामिल होंगे। उसके बाद दोपहर 3.35 बजे रवाना हो जाएंगे।
सीएम के कार्यक्रम की सूचना मिलते ही डीएम महेंद्र सिंह तंवर, एसपी सत्यजीत गुप्त, एडीएम जय प्रकाश, एएसपी शशि शेखर सिंह, सीडीओ संत कुमार, पीडी संजय नायक, एसडीएम शैलेश दुबे, सीओ ब्रजेश सिंह समेत अन्य अधिकारी कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए। इस दौरान बन रहे हेलीपैड को देखा और जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद सामूहिक विवाह के तहत 600 जोड़ों के बैठने व शादी के मंडप बनाने के लिए जगह को देखा।
कोट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर तैयारी की जा रही है। 600 जोड़ों का सामूहिक विवाह का आयोजन हो रहा है। वह जोड़ों को आशीर्वाद देंगे।
महेंद्र सिंह तंवर, डीएम
-
सीएम के आगमन को चमकाया जा रहा कलक्ट्रेट
- कंट्रोल रुम व सेफ सिटी के लोकार्पण व शिलान्यास की जगी है उम्मीद
संतकबीरनगर। सीएम योगी आदित्यनाथ के जारी कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री मगहर में कबीर स्थली पर आ रहे हैं, लेकिन कलक्ट्रेट पर भी संभावित दौरे को लेकर तैयारी तेज हो गई हैं। यहां पर कंट्रोल रूम, सेफ सिटी समेत अन्य योजनाओं को लोकार्पण व शिलान्यास कर सकते हैं। जिसको लेकर कलक्ट्रेट को सजाया जा रहा है।
शहर को सेफ सिटी बनाने की पहल डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने शुरु कर दिया। जिसके तहत मेंहदावल बाइपास पर कार्य भी हो रहा है। सीएम कलक्ट्रेट पर भी आ सकते हैं। इसको लेकर कलक्ट्रेट को पूरी तरह से सजाया जा रहा है। मरम्मत के साथ ही रंगाई पुताई आदि का कार्य किया जा रहा है। साथ ही कलक्ट्रेट से लगायत मेंहदावल बाइपास तक सड़क के किनारे साफ सफाई आदि का कार्य हो रहा है। मेंहदावल ओवरब्रिज के दोनों तरफ की सर्विस लेन को बना जा रहा है।