- मेंहदावल क्षेत्र निवासी को दिया झांसा, कोर्ट के निर्देश पर केस दर्ज
- तंजानिया का फर्जी बीजा देकर की धोखाधड़ी
- गुजरात का रहने वाला है आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। मेंहदावल थाना क्षेत्र निवासी व्यक्ति को अमेरिका स्थित वाइन शाॅप में नौकरी दिलाने के नाम पर लगभग 24 लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ित को तंजानिया का फर्जी बीजा देकर धोखाधड़ी की। कोर्ट के निर्देश पर पुलिस ने मामले में गुजरात निवासी एक आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
एसओ मेंहदावल आरके मिश्र ने बताया कि थाना क्षेत्र के परसा पांडेय गांव निवासी शैलेश कुमार ने कोर्ट को दिए शिकायत में बताया कि वह पिता के हार्ट से जुड़ी बीमारी का दवा कराने दिल्ली गया था। वहीं पर उनसे जून 2023 में प्रकाश भाई कांती भाई पटेल पुत्र कांतीभाई त्रिभुवनदास पटेल निवासी स्वामी नारायण सोसाइटी एटी डंवारा काड़ी जिला मेहसाना गुजरात से मुलाकात हुई। वहां पर अपना इलाज कराने आए हुए थे।
उन्होंने दूतावास में बड़ा अधिकारी होना बताया। साथ ही अमेरिका में वाइन शाप के स्टोर मैनेजर के रूप में साढ़े चार लाख रुपये महीने पर नौकरी दिलाने का वादा किया। नौकरी और बीजा के नाम पर 35 लाख रुपये खर्च होने की जानकारी दी। शैलेश बेरोजगार होने के वजह से उनके झांसे में आ गया। पिता के इलाज के लिए आठ लाख 30 हजार रुपये नकद होटल में दे दिया।
धीरे-धीरे विभिन्न तिथियों में उनको दो लाख 88 हजार रुपये ऑनलाइन माध्यम से देते गए। जुलाई माह में वह पत्नी को लेकर यहां पर आया और रुपये की मांग की। एक सप्ताह तक उसे अपनी गाड़ी से विभिन्न धार्मिक स्थानों पर घुमाया। वापस जाते समय आठ लाख रुपये नकद दे दिया। शेष रुपये गुजरात पहुंचकर देने और बीजा उपलब्ध कराने के लिए कहा। दिसंबर में इधर-उधर से रकम की व्यवस्था कर वह गुजरात आरोपी के घर पर पहुंचकर पांच लाख रुपये नकद भुगतान किए।
जहां पर वह दो दिन बाद तंजनिया का फर्जी बीजा जालसाजी करके तैयार कर दे दिया। उनके आपत्ति करने पर गाली व जानमाल की धमकी देने लगा। विपक्षी ने उनका आर्थिक, मानसिक व शारीरिक रूप से उत्पीड़न किया। एसओ ने बताया कि मामले में कोर्ट के निर्देश पर गुजरात निवासी आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।