संतकबीरनगर। जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह के निर्देशन व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व न्यायिक अधिकारी सुनील कुमार सिंह की पहल पर शुक्रवार को जिला कारागार में बंदी समस्या समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें उपस्थित लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ अंजय कुमार श्रीवास्तव ने बंदियों की समस्याएं सुनकर उसके निराकरण कराए जाने की बात कही।
कोतवाली खलीलाबाद थानाक्षेत्र के काजीपुर मोहल्ला निवासी अजय ने कहा कि उनके पास निजी अधिवक्ता हैं। जमानत मंजूर होने के बाद जमानतदार के अभाव में रिहाई नहीं हो पा रही है। बेलहरकला थानाक्षेत्र के पसनारा गांव निवासी नीरज ने कहा कि उनके पास अधिवक्ता नहीं है। उन्होंने अपनी पैरवी कराए जाने की मांग की। इसी प्रकार मेंहदावल थाना क्षेत्र के भटौली गांव निवासी महेश उर्फ महेंद्र ने अधिवक्ता की मांग की।
इसी थाना क्षेत्र के जमोहरा गांव निवासी राजेश ने कहा कि वह काफी गरीब हैं। उन्होंने सरकारी खर्च पर अधिवक्ता की मांग की। इसी प्रकार दर्जनों बंदियों ने अपनी समस्या रखी। इस दौरान डिप्टी डिफेंस काउंसिल संजीव कुमार पांडेय, डिप्टी जेलर नयन कमल सिंह समेत अनेक बंदी मौजूद रहे। संवाद
00000000000