संतकबीरनगर। चीन में फैले एवियन इन्फ्लूएंजा एच9एन2 बीमारी के बाद प्रदेश में भी सतर्कता बरती जा रही है। इसको लेकर सोमवार को सीएमएस ने अस्पताल के आईसीयू और पीआईसीयू वार्ड का निरीक्षण किया। इसके साथ ही ऑक्सीजन की उपलब्धता की जांच की। सब सही मिला।
कोविड काल के दौरान जिले में ऑक्सीजन की कमी हो गई थी। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा था। उसके बाद जिला अस्पताल परिसर में दो ऑक्सीजन प्लांट लगाया गया। उससे एमसीएच विंग को सप्लाई दी गई। इसके साथ ही जिला अस्पताल में भी सप्लाई शुरू हुई। सोमवार को पूरे देश में एवियन इन्फ्लूएंजा एच9एन2 बीमारी को लेकर अर्ल्ट जारी किया गया। इस बीमारी में सबसे ज्यादा बच्चे प्रभावित होते हैं। इस वजह से विशेष सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है।
सीएमएस डॉ. भवनाथ पांडेय और बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनील कुमार ने आईसीयू और पीआईसीयू को चेक किया। हर बेड पर ऑक्सीजन की उपलब्धता थी। सीएमएस ने बताया कि दोनों ऑक्सीजन प्लांट चालू है। बेड तक ऑक्सीजन की सप्लाई है। इसके साथ ही ऑक्सीजन कंसेट्रेटर भी है। ऑक्सीजन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।