धनघटा। क्षेत्र के अगापुर गुलरिहा गांव में जाने वाले सार्वजनिक रास्ते पर गांव निवासी दबंग व्यक्ति जबरन निर्माण कार्य करा कर अवैध रूप से कब्जा कर रहा है। गांव के लोग तहसील से लेकर थाने तक अवैध निर्माण को रोके जाने के लिए चक्कर लगा रहे हैं। एसडीएम के आदेश के बाद भी अवैध निर्माण कार्य रूक नहीं रहा है।
आलोक कुमार, लालबहादुर, सचिन कुमार, प्रभावती, सुनील कुमार, बिक्रम, मानसिंह, योगेन्द्र कुमार, शंभू, मनोरथ प्रसाद आदि का कहना है कि उनके और गांव के अन्य लोगों को आने-जाने के लिए 8 फीट का सार्वजनिक रास्ता वर्षों से चला आ रहा है। उस रास्ते पर गांव निवासी एक दबंग किस्म का व्यक्ति जबरन निर्माण कार्य करा कराकर रास्ते को अवरूद्ध कर रहा है। इसके पहले वर्ष 2023 में भी उसके जरिए रास्ते को रोकने का कोशिश किया गया तो पुलिस ने आकर उसके कार्य को रोक दिया।
पुलिस चौकी बिड़हर घाट पर 24 सितंबर 2023 को दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता हुआ। जिसमें तय हुआ कि 8 फीट का रास्ता छोड़कर निर्माण कार्य कराया जाएगा। लेकिन वह व्यक्ति उसे समझौते को नहीं माना अब फिर उस रास्ते पर अवैध कब्जा करने की कोशिश कर रहा है। गांव वालों का कहना है कि अगले महीने गांव के तमाम लोगों की बहन बेटियों की शादी है। रास्ता यदि अवरुद्ध हो गया तो शादी समारोह प्रभावित होगी। ग्रामीणोें ने बताया कि इस संबंध में एसडीएम को प्रार्थना पत्र किया गया था उनके आदेश पर लेखपाल भी मौके पर गए और निर्माण कार्य रोकने के लिए कह कर चले आए लेकिन निर्माण कार्य रोका नहीं जा रहा है। इन संबंध में एसडीएम डॉ. सुनील कुमार का कहना है कि सार्वजनिक रास्ते को अवरूद्ध होने नहीं दिया जाएगा। लेखपाल की रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।