तीन उद्यमियों को ऋण स्वीकृति प्रमाण पत्र मिला
स्वरोजगार संगम कार्यक्रम में सीएम बोले, कोरोना से जीवन के साथ जीविका को भी बचाना है
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए जिलों में लोन मेला आयोजित किया जाएगा। यह बात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को ऑनलाइन स्वरोजगार संगम कार्यक्रम में कही। कार्यक्रम में उन्होंने ई-सेवा पोर्टल का भी शुभारंभ किया। जिले के तीन लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र और दो को टूलकिट दी गई।
सीएम ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों के 30642 इकाइयों को 2505.58 करोड़ रुपये का आनलाइन ऋण वितरण किया। नौ जनपदों में 73.54 करोड़ की लागत से एक जनपद एक उत्पाद योजना के अंतर्गत सामान्य सुविधा केंद्र का शिलान्यास भी किया। सीएम ने कहा कि पिछले वर्ष कोरोना काल के दौरान जीवन के साथ-साथ आजीविका पर भी संकट था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत योजना के तहत इस वर्ष कोरोना काल में औद्योगिक गतिविधियां एवं खेती-किसानी को कुछ शर्तों के साथ खोले रखा गया।
हमारी प्राथमिकता कोरोना से जीवन के साथ-साथ जीविका को बचाना है। पूरे प्रदेश में सर्वाधिक युवाओं के होने के बावजूद भी हमारी बेरोजगारी दर देश में सबसे कम है। पिछले चार-पांच वर्षों में चार लाख से अधिक सरकारी नौकरियां तथा 1.5 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार दिया गया है। इसमें सबसे ज्यादा योगदान सूक्ष्म, लघु एंव मध्यम उद्योगों का है। पिछले वर्ष 40 लाख प्रवासी प्रदेश में आए थे तथा सभी को उनकी क्षमता के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराया गया। उन्होने कहा कि वैक्सीन कोरोना से बचाव का सुरक्षा कवच है। आने वाले समय अधिक से अधिक लोगों को प्रेरित करके कोरोना का टीका लगवाना है।
एडीएम मनोज कुमार सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत आलमारी निर्माण के लिए व्यवसायी इजराईल को 25 लाख, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत व्यवसायी राधेश्याम को जनरल इंजीनियरिंग वर्क्स के लिए पांच लाख और एक जनपद एक उत्पाद वित्तपोषण योजना के तहत हौजरी उद्योग के लिए अरबी हसन को पांच लाख के ऋण स्वीकृति का पत्र दिया गया। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत राजगीर तीजू को और बढ़ईगिरी के लिए गंगाराम को टूलकिट प्रदान की गई। इस दौरान सीडीओ अतुल मिश्र, उपायुक्त उद्योग आर के शर्मा, लीड बैंक मैनेजर आदि उपस्थित रहे।