धनघटा। केंद्र सरकार की दो सदस्यीय टीम बुधवार को नाथनगर ब्लाक क्षेत्र के स्वराज योजना के लिए चयनित चार गांवों का जायजा लिया। इन गांवों में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन की हकीकत जानी। टीम ने अधूरे कार्यों को आगामी पांच मई तक हर हाल में पूरा कराने का निर्देश दिया।
भारत सरकार के उच्च शिक्षा विभाग के उप सचिव फजल महमूद और अवर सचिव स्टील मंत्रालय आरके सक्सेना की टीम सबसे पहले नोक्ता पहुंची। दोनों अधिकारियों ने उज्ज्वला योजना, इंद्रधनुष योजना, जनधन योजना, स्वच्छता मिशन, किसान फसल बीमा, सौभाग्य योजना सहित सात बिंदुओं पर गांव में कराये गये कार्यों की समीक्षा की।
जैसे विकास कार्यों की समीक्षा शुरू हुई ग्रामीणों ने आंगनवाड़ी कार्यकत्री और एएनएम के गांव में न आने की शिकायत शुरू कर दी। जिस पर टीम ने लोगों को समझा बुझाकर इस मामले को ब्लाक स्तरीय अधिकारियों से जांच कराने का निर्देश दिया। ग्राम पंचायत कड़सरा में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मंगल प्रसाद ने बताया कि गांव में जनधन योजना के तहत 61 ग्रामीणों का खाता खोला गया है।
बचे हुए ग्रामीणों का पांच मई तक खाता खोलने की बात कही। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गांव में 220 परिवारों को योजना का लाभ मिल चुका है। जबकि 35 आवेदन पत्र प्रक्रिया में लंबित है। ग्राम प्रधान ने बताया कि विद्युतीकरण के लिए बिजली विभाग की तरफ से 26 अप्रैल को गांव कैंप लगाया जाना है। किसान फसल बीमा के तहत 57 किसानों का अब तक बीमा कराया जा चुका है।
समयावधि के भीतर सभी किसानों का बीमा कराने का निर्देश दिया। इंद्रधनुष योजना के तहत 43 बच्चों और 13 गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया जा चुका है। केंद्रीय टीम जब ग्राम पंचायत साखी में पहुंची तो विद्युत विभाग द्वारा लगाये गए कैंप को देख कर प्रसन्नता जताई । टीम के साथ डीडीओ रविंद्र नाथ सिंह, डीसी मनरेगा राकेश कुमार, बीडीओ प्रवीण कुमार शुक्ल, धर्मेंद्र कुमार पांडेय, ग्राम पंचायत अधिकारी एकता सिंह, अम्ब्रीश पटेल, शिवेंद्र राय, अरविंद यादव उर्फ पिंकू, रामराज, प्रदीप कुमार आदि लोग मौजूद रहे।