मेंहदावल। प्रेमलता बालिका इंटर काॅलेज में शनिवार को जनगणना-2027 के तहत चल रहे 415 प्रगणक और सुपरवाइजर के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन फील्ड ट्रेनरों ने एचएलओ एप के तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं पर जानकारी दी। इसमें बताया गया कि हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन 22 मई से 20 जून तक होगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम आठ मई तक करीब तीन चरणों में चलेगा।
प्रशिक्षण के दौरान तहसीलदार अल्पिका वर्मा ने बताया कि 22 मई से 20 जून तक हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन के तहत मकानों का सूचीकरण एवं गणना का कार्य संपन्न किया जाएगा। फील्ड ट्रेनर राजकुमार, भवानी शंकर श्रीवास्तव, जुबेर अहमद अंसारी, सरवरे आलम, राममिलन यादव, उमेश गौतम, चंदन चौधरी, वेदप्रकाश, विनोद प्रसाद और रामनिवास मौर्य समेत 18 ने जनगणना से जुड़े तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं को विस्तार से समझाया।
ट्रेनरों ने प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को सीएमएस पोर्टल और एचएलओ एप के उपयोग की चरणबद्ध प्रक्रिया बताते हुए फील्ड कार्य को सरल और सटीक बनाने पर जोर दिया। लेखपाल बृजेश यादव ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल करीब 415 प्रगणक, सुपरवाइजर भाग ले रहे हैं। 23 अप्रैल से शुरू हुआ प्रशिक्षण कार्यक्रम आठ मई तक कुल तीन चरणों में संचालित किया जाएगा। इस दौरान एडीएम चंद्रेश सिंह और एसडीएम अरुण कुमार ने प्रशिक्षण कक्षों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जनगणना देश के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के नीति निर्धारण में आम योगदान करती है। इसलिए जनगणना की बारीकियों को इसमें लगे प्रगणकों और पर्यवेक्षकों पूरी तरह से पारंगत होना जरूरी है।
उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर संतोष जताते हुए आवश्यक निर्देश दिए। कार्यक्रम में बीईओ महेंद्रनाथ त्रिपाठी, आशुतोष कुमार सिंह, प्रशांत कश्यप, रजनीश कुमार शुक्ल सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।