जिला शांति समिति की बैठक हुई, सुरक्षा, कानून व्यवस्था के संचालन में करें सहयोग : एसपी
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। डीएम महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला शांति समिति की बैठक हुई। इसमें डीएम ने त्योहारों को परंपरागत एवं शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं जाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि नवरात्रि, दुर्गा पूजा व दशहरा त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाए। बिजली, पानी, साफ-सफाई आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। कहा कि जनपद में त्योहारों को मनाए जाने की गौरवशाली परंपरा रही है। इस परंपरा का निर्वहन करते हुए त्योहारों को शांति, सौहार्द एवं आनंद के वातावरण में आपसी भाई चारे एवं एक दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए मनाएं। नवरात्रि के दौरान विद्युत व्यवस्था की आपूर्ति बनाए रखने के लिए अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित करते हुए कहा कि दुर्गा पूजा पंडालों के आस-पास एवं मूर्ति विसर्जन के रास्तों पर विशेष रूप से मौके का निरीक्षण कर ढीले एवं लटके हुए विद्युत तारों को ठीक करा दिया जाए। ईओ नगर पालिका व नगर पंचायत सहित सभी सब डिवीजन अधिकारियों को निर्देशित किया कि दुर्गा पूजा में दुर्गा पंडालों की स्थापना से लेकर विसर्जन तक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए समय रहते हुए ठीक करा लिया जाए। डीएम ने कहा कि आवश्यकतानुसार सभी ग्राम पंचायतों से एक-दो लोगों को जोड़ते हुए सोशल मीडिया ग्रुप भी बनाया जा सकता है। जिससे किसी भी समस्या की तत्काल जानकारी उपलब्ध हो सकेगी।
एसपी सत्यजीत गुप्ता ने नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा के दौरान चाक-चौबंद पुलिस व्यवस्था का आश्वासन देते हुए कहा की त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद रहेगी। उन्होंने लोगों से इस व्यवस्था में पुलिस का सहयोग करने की अपील किया। कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान मूर्ति की ऊंचाई ज्यादा न रखें। शांति के साथ मूर्ति का विसर्जन करें। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले को कतई बख्शा नहीं जाएगा। इस दौरान एडीएम जय प्रकाश, अपर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह, सीएमओ डाॅ. रामानुज कन्नौजिया, एसडीएम सदर शैलेश दूबे, एसडीएम मेंहदावल अरुण वर्मा, एसडीएम धनघटा उत्कर्ष श्रीवास्तव, सीओ सदर दीपांशी राठौर आदि उपस्थित थे।